रायपुर/बालोद।
नवा रायपुर स्थित तूता में चल रही मध्याह्न भोजन रसोइया संघ की हड़ताल को संजारी बालोद की विधायक “संगीता सिन्हा”, का नैतिक समर्थन मिला। विधायक संगीता सिन्हा हड़ताल स्थल पर पहुंचीं और रसोइया संघ की मांगों को जायज ठहराते हुए उनके साथ खड़े होने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके सभी कार्यकर्ता मध्याह्न भोजन रसोइया संघ की वैध मांगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर वेतन विसंगति जैसे गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार 14 वर्षों के शासन में अहंकारी हो चुकी है और आमजन के हितों की अनदेखी कर रही है। अब छत्तीसगढ़ की जनता जाग चुकी है और अहंकारी व अमानवीय सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ के निवासियों का शोषण करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप वेतन और सुविधाएं देने में सरकार आनाकानी कर रही है, जबकि छत्तीसगढ़ संसाधनों से परिपूर्ण राज्य है। इसके बावजूद सरकार इन संसाधनों का लाभ यहां के निवासियों को देने में असफल रही है।
विधायक संगीता सिन्हा ने रसोइया संघ को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी और उनकी आवाज को सदन से सड़क तक बुलंद किया जाएगा।

