Balod Times

ट्रक चोरी की झूठी कहानी बेनकाब, बीमा क्लेम के लिए रची गई ट्रक चोरी की साजिश का खुलासा, प्रार्थी ही निकला आरोपी

Balod – पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बालोद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डौण्डी पेट्रोल पंप से चोरी हुए करीब 43 लाख रुपये कीमत के ट्रक की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने ट्रक को नागपुर (महाराष्ट्र) से बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि ट्रक चोरी का प्रार्थी स्वयं ही आरोपी निकला।

मामले का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 26.01.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना डौण्डी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका ट्रक क्रमांक CG 21 J 7111, कीमत लगभग 43 लाख रुपये, दिनांक 22.01.2026 की रात्रि 10 से 11 बजे के बीच किसी अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर लिया गया है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डौण्डी में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विशेष टीम का गठन और तकनीकी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा श्री विकास पाटले के पर्यवेक्षण में सायबर सेल एवं थाना डौण्डी की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।

टीम द्वारा त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। डौण्डी, लोहारा, देवरी, राजनांदगांव, सकोली होते हुए नागपुर तक के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रक को नागपुर के पास चिन्हांकित किया गया।

नागपुर से ट्रक बरामद, साजिश का खुलासा

नागपुर में कैम्प कर पुलिस टीम ने ट्रक को एक ट्रांसपोर्टर से बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नरेन्द्र जायसवाल और मनेन्द्र जायसवाल ट्रक को एक दलाल के माध्यम से बेचने आए थे।

आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने वर्ष 2013 में अपने रिश्तेदार के नाम पर यह ट्रक लोन के माध्यम से खरीदा था। किस्तें नहीं चुका पाने और फाइनेंस कंपनी के दबाव से बचने के लिए आरोपियों ने ट्रक चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कर बीमा राशि हड़पने की साजिश रची।
दिनांक 22.01.2026 की रात दोनों भाई ट्रक को स्वयं चलाकर डौण्डी से नागपुर ले गए और ट्रांसपोर्टर कलवंत सिंह को कागजात की रंगीन प्रति देकर ट्रक बेचने का प्रयास किया।

गिरफ्तारी व आगे की कार्रवाई

मामले में आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी जारी है।

आरोपियों का नाम व पता

1. नरेन्द्र जायसवाल, पिता – लखन लाल जायसवाल, उम्र 39 वर्ष
पता – वार्ड क्रमांक 13, बस स्टैंड, डौण्डी, जिला बालोद (छ.ग.)
2. मनेन्द्र जायसवाल, पिता – लखन लाल जायसवाल, उम्र 34 वर्ष
पता – वार्ड क्रमांक 13, बस स्टैंड, डौण्डी, जिला बालोद (छ.ग.)
3. लखन लाल जायसवाल, पिता – हिंगू राम जायसवाल, उम्र 71 वर्ष
पता – वार्ड क्रमांक 13, बस स्टैंड, डौण्डी, जिला बालोद (छ.ग.)

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड :

नरेन्द्र जायसवाल एवं मनेन्द्र जायसवाल के विरुद्ध पूर्व में आबकारी एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।

जप्त मशरूका

• ट्रक क्रमांक CG 21 J 7111, कीमत लगभग 43 लाख रुपये

विशेष भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

थाना डौण्डी से सउनि दुर्जन रावटे,
सायबर सेल से प्रभारी सउनि धरम भूआर्य,
प्रधान आरक्षक ज्ञानेश चंदेल, भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, भोपसिंह साहू, पुकेश्वर साहू, पूरन देवांगन, आकाश सोनी, आकाश दुबे, मिथलेश यादव, गुलझारी साहू, योगेश गेडाम, योगेश पटेल, तथा म.आर. अम्बिका उसारे की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!