Balod Times

बालोद में रजिस्ट्री दरें घटाने की मांग, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

दल्लीराजहरा |
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री स्वाधीन जैन ने बालोद जिले में रजिस्ट्री दरों में कमी किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को पत्र लिखा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार द्वारा रायपुर एवं कोरबा जैसे प्रमुख जिलों में पहले ही रजिस्ट्री दरों में कमी की जा चुकी है, लेकिन बालोद जिले में अब भी रजिस्ट्री शुल्क अत्यधिक बना हुआ है। इसके कारण ग्रामीणों, किसानों और छोटे व्यापारियों को जमीन की खरीद-फरोख्त में भारी आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।

स्वाधीन जैन ने कहा कि बालोद जिला मुख्यतः कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर आधारित है, जहां भूमि का लेन-देन लोगों की आजीविका से सीधे जुड़ा हुआ है। ऊँची रजिस्ट्री दरों के चलते यह प्रक्रिया आम नागरिकों के लिए महंगी और जटिल हो गई है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां और निवेश भी प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि बालोद जिले में रजिस्ट्री दरों को तत्काल कम किया जाए तथा अन्य जिलों के समान दरें लागू की जाएं, ताकि ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को आर्थिक राहत मिल सके।

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने आशा जताई है कि राज्य सरकार इस गंभीर विषय पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र निर्णय लेगी और बालोद जिले के नागरिकों को राहत प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!