रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन मुंबई के रंग शारदा परिसर में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग में सात राज्यों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। छत्तीसगढ़ से प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने सहभागिता कर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

कार्यशाला में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात तथा दमन-दीप सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आगामी 7 मार्च से देशभर में प्रारंभ होने वाले मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत 12 विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इन विषयों में संगठन की कार्यप्रणाली, वैचारिक आधार, सेवा कार्य, बूथ सशक्तिकरण एवं डिजिटल अभियान जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी एल संतोष, सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश तथा राष्ट्रीय संघटक वी सतीश का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वरिष्ठ नेताओं ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के वैचारिक सुदृढ़ीकरण और आगामी अभियानों की रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
छत्तीसगढ़ से इस प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित लगभग 20 प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आगामी प्रशिक्षण महाअभियानों को गति मिलेगी तथा जमीनी स्तर पर संगठन और अधिक सशक्त होगा।

