बालोद।
विकासखंड बालोद अंतर्गत ग्राम पंचायत टेकापार में मनरेगा कार्यों के संचालन के दौरान फोटोग्राफी व्यवस्था को लेकर आ रही समस्याओं के संबंध में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर बालोद को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में शासन के निर्देशानुसार मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में समूह अथवा व्यक्तिगत फोटो अपलोड करना अनिवार्य है, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण समय पर फोटो अपलोड नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने अवगत कराया कि नेटवर्क नहीं रहने से फोटो अपलोड करने में काफी दिक्कतें आती हैं, जिससे मजदूरों का कार्य प्रभावित हो रहा है। कई बार कार्य स्थल पर उपस्थित होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती, जिससे श्रमिकों में असंतोष की स्थिति बन रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फोटोग्राफी की वर्तमान प्रक्रिया को सरल बनाया जाए अथवा वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि मनरेगा के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें और मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्राम पंचायत टेकापार के सरपंच एवं पंचों ने प्रशासन से मांग की है कि नेटवर्क समस्या को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, जिससे श्रमिकों का भुगतान और कार्य प्रभावित न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

