Skip to main content

Balod Times

डौंडी में सफाईकर्मियों पर जानलेवा हमला: टंगिया के वार से 2 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, आरोपी गिरफ्तार

बालोद टाइम्स 

बालोद / डौंडी – नगर पंचायत डौंडी में शनिवार सुबह सफाई कार्य के दौरान एक सिरफिरे युवक ने दो सफाई कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गाली-गलौज के पुराने विवाद में बोला हमला

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह सफाई कर्मचारी बाजार चौक स्थित मछली पसरा क्षेत्र में रोजाना की तरह सफाई कार्य में जुटे थे। इसी दौरान आरोपी गिरवर देवहारी वहां पहुंचा और शुक्रवार को हुए कथित गाली-गलौज के विवाद को लेकर सफाई कर्मी रमऊ राम भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया।

सिर, गर्दन और पीठ पर आए गंभीर घाव

हमले में रमऊ राम के सिर व गर्दन पर गहरी चोट आई है, वहीं बीच-बचाव करने आए प्रेमलाल की पीठ पर टंगिया का वार लगा है। घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी और नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव मानकर व साथी कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों की जान बचाई और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा में केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए डौंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी गिरवर देवहारी के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

घटना की खबर मिलते ही नगर पंचायत सीएमओ संतोष देवांगन, अध्यक्ष मोहंतीन चौरका और भाजपा नेता दिनेश अग्रवाल समेत निकाय कर्मचारी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से नगर में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!