बालोद टाइम्स
धमतरी। धमतरी पुलिस ने गुंडों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गणेश विसर्जन के दौरान हुड़दंग मचाने वाले तीन आदतन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है।
पकड़े गए आरोपियों ने विसर्जन जुलूस के दौरान धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और धारदार हथियारों से दहशत फैलाने की घटना को अंजाम दिया था।
मर्जी का गाना बजाने को लेकर किया विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ‘रूद्राक्ष धुमाल पार्टी’ (सांकरा, नगरी) के संचालक अपने साथियों के साथ बांसपारा धमतरी के गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। इसी बीच मराठा पारा मंगल भवन के पास पहुंचे आरोपियों ने अपनी पसंद का धुमाल बजाने का दबाव बनाया।
जब धुमाल पार्टी ने मना किया, तो आरोपियों ने एकजुट होकर रामबाग के पास बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और धारदार तलवार लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने न केवल हथियार लहराकर दहशत फैलाई, बल्कि धुमाल पार्टी के सदस्यों से मारपीट कर बाजे और वाहन में तोड़फोड़ भी की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना की शिकायत मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत BNS की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने तत्परता से दबिश देकर तीनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया।
जब्त किए गए हथियार:
रितेश पेंदरिया: बेसबॉल स्टिक
जतीश साहू: धारदार तलवार
अमरचंद पटेल: हॉकी स्टिक
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20 वर्ष), निवासी – मराठा पारा, धमतरी।
जतीश साहू उर्फ डुई (19 वर्ष), निवासी – बांसपारा, धमतरी।
अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26 वर्ष), निवासी – आमापारा, बनिया तालाब, धमतरी।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी की चेतावनी: धमतरी पुलिस ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और साफ चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने या दहशत फैलाने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।


