बालोद टाइम्स
बालोद (बालोद टाइम्स)। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में लाइब्रेरी से घर लौट रही एक छात्रा पर एसिड फेंकने के सनसनीखेज मामले की बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर गुत्थी सुलझा ली है। घटना की साजिश पीड़िता के कथित प्रेमी ने रची थी, जिसने शादी से इंकार करने और बातचीत बंद करने से नाराज होकर अपने स्कूल फ्रेंड के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाया था। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लाइब्रेरी से लौटते वक्त हुआ हमला
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रतिदिन की तरह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर वापस जा रही थी। तभी अचानक एक अज्ञात युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। एसिड से छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल बाहर निकले और परिजनों की मदद से उसे जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया।
घटना के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
एसडीओपी विनय साहू की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शहरभर के अलग-अलग लोकेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पीड़िता के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर (निवासी कुंदरूपारा, बालोद) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में यश पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां बनाकर गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गणेश झांकी के दौरान बनानी थी योजना, सुरक्षा देख बदला प्लान
आरोपी यश सोनकर ने बताया कि पीड़िता से उसका प्रेम संबंध था। जब युवती ने किसी अन्य जगह अफेयर होने की बात कहते हुए शादी से इंकार कर दिया, तो यश गुस्से में आ गया। उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम (निवासी भैरमगढ़, बीजापुर) के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई।
- 26 सितंबर: यश ने करण कुंजाम को बालोद बुलाया।
- 27 सितंबर: एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की योजना थी, लेकिन पुलिस की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
- 05 अक्टूबर (दोपहर 12:30 बजे): जब छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया।
कोंडागांव से पकड़ा गया मुख्य हमलावर
वारदात को अंजाम देने के बाद करण कुंजाम तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। यश सोनकर की निशानदेही और लोकेशन ट्रेस कर बालोद पुलिस ने करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर प्रयुक्त एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- यश कुमार सोनकर (उम्र 20 वर्ष), पिता- ईश्वर लाल सोनकर, निवासी- वार्ड नं. 11, ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद।
- करण कुंजाम (उम्र 20 वर्ष), पिता- दिनेश कुंजाम, निवासी- वार्ड नं. 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।
सराहनीय भूमिका
सफलतापूर्वक त्वरित कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस की अपील:
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने की शिकायत को नजरअंदाज न करें। तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।


