बालोद टाइम्स
दुर्ग। नियमित स्कूल की पारंपरिक पढ़ाई से अलग हटकर सेल्फ-लर्निंग और कौशल आधारित शिक्षा के जरिए 10, 11 और 12 वर्ष के तीन बच्चे 10वीं कक्षा की परीक्षा देने की तैयारी में हैं. दुर्ग के मालवीय नगर स्थित एक स्टडी सेंटर के इन छात्रों ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल (NIOS) से 10वीं की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी है.
जानकारी के अनुसार, छात्र अयान मखीजा, रियांश चंद्राकर और पलाश यदु बीते करीब डेढ़ साल से स्टडी सेंटर के मेंटर गुरविंदर सिंह अरोरा की देखरेख में पढ़ाई कर रहे हैं. अयान ने कक्षा 2 के बाद जबकि रियांश और पलाश ने 5वीं कक्षा के बाद नियमित स्कूल छोड़ दिया था. बच्चों का कहना है कि सेल्फ-लर्निंग के तरीके से उन्हें 10वीं की परीक्षा देने का आत्मविश्वास मिला है.
नियमित स्कूल से अलग है पढ़ाई का तरीका
करीब 45 बच्चों वाले इस स्टडी सेंटर का तरीका पारंपरिक स्कूलों से भिन्न बताया गया है. यहां बच्चों पर बिना किसी दबाव के एक विषय को पूरी तरह समझने के बाद ही आगे बढ़ाया जाता है. मेंटर गुरविंदर सिंह के मुताबिक, पढ़ाई के साथ-साथ स्पोर्ट्स, म्यूजिक, स्टोरी टेलिंग और पब्लिक स्पीकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाता है.

