Balod Times

दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी का हो रहा 09 से 13 जनवरी तक आयोजन, विदेशी भी होंगे शामिल

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी तक आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी 2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन के संबंध में संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, भारत स्काउट एवं गाईड्स के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इन्द्रजीत सिंह खालसा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, राज्य सचिव श्री जितेन्द्र साहू, राज्य रोवर आयुक्त श्री अशोक देशमुख, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त श्री पूनम सिंह साहू, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में जिले में प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी 2026 के सफल आयोजन सुनिश्चित करने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आयोजन से जुड़े सभी विभाग के अधिकारियों को राज्य एवं जिले में पहली बार आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि आयोजन से जुडे़ सभी तैयारियों के अलावा सभी व्यवस्थाएं राष्ट्रीय आयोजन के गरिमा के अनुरूप बेहतर एवं उत्कृष्ट होना चाहिए। बैठक में कार्यक्रम स्थल में अधोसंरचना से जुड़े सभी चीजों को पूरा करने के अलावा यातायात व्यवस्था, हेलीपेड निर्माण एवं सुरक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थाओं का पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बैठक में कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग को पानी की समुचित आपूर्ति, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को शुद्ध पेयजल की समुचित उपलब्धता तथा कार्यपालन अभियंता विद्युत वितरण कंपनी को कार्यक्रम स्थल में निर्बाध एवं समुचित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को समुचित चिकित्सा व्यवस्था एवं पूरे समय डाॅक्टरों एवं चिकित्सा कर्मियों की तैनातगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल में विभिन्न विभागों को प्रदर्शनी एवं अन्य आयोजन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागवार संपूर्ण तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!