Skip to main content

Balod Times

MISO ने 100 बच्चों को कराया निःशुल्क वस्त्र वितरण; लोकेश कावड़िया बोले — ‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म’

बालोद टाइम्स 

दल्लीराजहरा। नगर के वार्ड क्रमांक 03 वल्लभ नगर में महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO) द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 100 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क वस्त्र वितरित किए गए। “सेवा, संस्कार एवं स्वावलंबन” के मूल ध्येय के साथ संस्था द्वारा निरंतर सामाजिक हित के कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री लोकेश कावड़िया जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

‘निःस्वार्थ सेवा ही सच्ची मानव सेवा’

समारोह को संबोधित करते हुए श्री लोकेश कावड़िया ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किया जा रहा यह कार्य अत्यंत प्रेरणादायक है। सेवा, संस्कार और स्वावलंबन ही हमारे जीवन का असली आधार होना चाहिए। जब हम निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद करते हैं, वही सच्ची मानव सेवा है। बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार रोपना आवश्यक है ताकि वे आगे चलकर देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे और परस्पर सहयोग की भावना मजबूत होती है।”

प्रमुख गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री पंकज वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मनोज दुबे (पिंटू), समिति सदस्य स्वाधीन जैन, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के श्री अंकित टांटिया, पूर्व पार्षद मोनू सोमेश जायसवाल, हितेश जैन सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में MISO परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!