Balod Times

छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस की राज्य स्तरीय बैठक सम्पन्न, राज्यपाल से सौजन्य भेंट

Raipur – रायपुर स्थित राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के सभागार में आज छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी की महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के चेयरमैन माननीय श्री तोमन साहू ने की। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन श्री रूपेश पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष श्री संजय पटेल, सचिव श्रीमती रूपल पुरोहित सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में जिला रेड क्रॉस समितियों के गठन एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सदस्यता विस्तार, सेवा गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक जिले में रेड क्रॉस की इकाइयों को सक्रिय एवं सशक्त बनाते हुए स्वास्थ्य सेवा, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों को गति प्रदान की जाएगी।

बैठक के उपरांत नवगठित प्रबंध समिति के सदस्यों ने राजभवन (लोकभवन) में माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सोसायटी की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

माननीय राज्यपाल ने रेड क्रॉस की सदस्यता बढ़ाकर अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा कार्यों को नई ऊर्जा एवं व्यापक विस्तार मिलेगा। साथ ही सिकल सेल बीमारी की रोकथाम हेतु विशेषकर आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. के. राउत, सचिव श्री अशोक अग्रवाल, श्रीमती रूपल पुरोहित सहित प्रबंध समिति के सदस्य— युवराज देशमुख, प्रदीप साहू, रोमन लाल, लिंगराज पटेल, उत्तम रक्षित, श्रीमती अर्चना मसीह, संजय जैन, बिसेसर दास साहू, नरेंद्र मेश्राम, अनुपम कुमार जोफर, नरवेद सिंह, जयनारायण सिंह, अलेक्जेंडर एम. चेरियन, उत्कर्ष तिवारी, उत्तम कुमार गबेल, गिरीश कुर्रे, रामनरेश पटेल, बृजेंद्र शुक्ला, रोशन लाल वर्मा, कमलेश वर्मा, बालाराम साहू, अशोक गिरी गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।

बैठक एवं सौजन्य भेंट से यह स्पष्ट संदेश गया कि छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी राज्य में मानवीय सेवा, स्वास्थ्य संरक्षण, आपदा राहत एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन आगामी समय में सदस्यता अभियान, रक्तदान शिविर, सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविरों को व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!