Balod Times

दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर कमरौद में डेढ़ साल के भीतर हुई दूसरी बड़ी चोरी, मूर्ति से लाखों के चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कमरौद के प्रसिद्ध भूमिफोड़ दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में एक बार फिर चोरी हो गई है । रविवार सोमवार की दरम्यानी रात को अज्ञात चोर मूर्ति में सजे सभी चांदी की जेवरात चुरा ले गए हैं। बता दे कि डेढ़ साल पहले इसी मंदिर में जून 2024 में भी बिल्कुल ऐसी ही घटना हुई थी। जिसके अज्ञात आरोपी अब तक पुलिस पकड़ से बाहर हैं। दुबारा चोरी की घटना ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिया है। चोरों के हौसले भी इतने बुलंद है कि वहां चारों तरफ कैमरे लगे होने के बावजूद बड़ी सफाई से घटना को अंजाम दिया है। तीन से चार जगह कैमरे उखाड़ कर ले गए हैं। घटना की जानकारी होने के बाद सुबह से स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। मुख्य मंदिर के गर्भ गृह में श्रद्धालुओं के दर्शन पर अभी रोक लगा दी गई है। ताकि कोई साक्ष्य प्रभावित ना हो। मंदिर समिति के लोगों का कहना है कि 8 से 10 लाख की चोरी हुई है पर पुलिस का अनुमान है कि डेढ़ से 2 लाख की जेवर पार हुए हैं। कुछ जेवरात मंदिर के गर्भगृह में ही गिरे मिले हैं। जिन्हें हड़बड़ी में चोर नहीं ले गया है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, आशंका है कि आरोपी 2 से 3 लोग रहे होंगे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!