बालोद टाइम्स
दल्लीराजहरा (बालोद)। नगर के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झा गैरेज के पास मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर राजहरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिखलाकसा (वार्ड क्रमांक 13) निवासी मनप्रीत ब्रोका (पिता- तजेन्द्र पाल सिंह ब्रोका) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट व ठेकेदारी का काम करता है। 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 12:15 से 1:00 बजे के बीच जब वह झा गैरेज के पास अपनी गाड़ी का काम करवाने गया था, उसी दौरान आरोपी दिलराज सिंह भाटिया वहां पहुंचा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने आरोपी से अपने बकाया पैसे मांगे, तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार करते हुए उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए थप्पड़ से मारपीट की।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मामला
घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल अपने परिजनों को दी और दल्लीराजहरा थाने पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजहरा पुलिस ने 11 अक्टूबर को आरोपी दिलराज सिंह भाटिया (निवासी- चिखलाकसा) के खिलाफ FIR संख्या 0260/2026 के तहत मामला पंजीकृत किया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील कृत्य/गाली-गलौज) और 351(3) (क्रिमिनल इंटिमिडेशन/धमकी) के तहत अपराध कायम किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक (SI) प्रदीप कुमार कंवर द्वारा की जा रही है।


