बालोद टाइम्स
बालोद: जिले में नए पुलिस अधीक्षक (SP) के पदभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। SP के निर्देशों के तहत पुलिस टीम ने दल्लीराजहरा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाया।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। दल्लीराजहरा के निवासी लंबे समय से इन अवैध कारोबारों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग कर रहे थे, जिसे नए SP महोदय ने प्राथमिकता देते हुए सीधे संज्ञान में लिया।

पुलिस प्रशासन के इस एक्शन की स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने खुलकर सराहना की है। लोगों का मानना है कि इस तरह की निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और युवाओं को नशे व अपराध की गर्त में जाने से रोका जा सकेगा।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद संजीव सिंह ने नए SP और पूरी पुलिस टीम को इस सफल कार्रवाई के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में बालोद जिला जल्द ही अपराध और नशा मुक्त बनेगा।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने भी असामाजिक तत्वों को साफ चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।


