ईवेंट ऑर्गनाइजर सहित 5 गिरफ्तार, 3.50 लाख की ड्रग्स व सामग्री जब्त
रायपुर- न्यू ईयर ईव के मद्देनज़र रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एम.डी.एम.ए. (MDMA) ड्रग्स सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत की गई इस संयुक्त कार्रवाई में एक ईवेंट ऑर्गनाइजर, नागपुर का तस्कर सहित कुल 05 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि के साथ संघर्षरत बालिका भी प्रकरण में संलिप्त पाई गई है।

फ्लैट में चल रही थी ड्रग्स सप्लाई
थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में रेड कार्रवाई कर पुलिस ने 10 ग्राम MDMA ड्रग्स, ₹20,000 नकद, 04 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹3.50 लाख आँकी गई है।
रायपुर का मुख्य सप्लायर निकला पराग बरछा
जांच में सामने आया कि आरोपी पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में MDMA का मुख्य सप्लायर है, जो न्यू ईयर पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई की योजना बना रहा था। नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े द्वारा ड्रग्स लाकर सप्लाई की जाती थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी
1. पराग बरछा उर्फ रघु (23) – रायपुर मुख्य सप्लायर
2. शुभम राजूधावड़े (31) – नागपुर अंतर्राज्यीय तस्कर
3. अमन शर्मा (26) – रायपुर
4. शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28) – रायपुर
5. विधि के साथ संघर्षरत 01 बालिका
कानूनी कार्रवाई
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25, धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का सख्त संदेश
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यू ईयर व अन्य आयोजनों में नशे के किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी रहेगी।

