Balod Times

पार्षद सुमित शर्मा व कांग्रेस नेताओं ने विद्युत मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन; बिजली कटौती और लो-वोल्टेज सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी

बालोद – शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेसजनों का आक्रोश फूट पड़ा। आज नगर पालिका के पार्षदों, नेता प्रतिपक्ष, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित समस्त कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नेताओं ने शहरवासियों को हो रही भारी परेशानियों से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द इस समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की।

मुख्य अभियंता ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव और आश्वासन

​शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता अधिकारी ने सकारात्मक रुख दिखाया और कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां व आश्वासन दिए:

  • अस्थायी कनेक्शनों को स्थायी करने की अपील: उन्होंने बताया कि जहाँ-जहाँ टेम्परेरी बिजली कनेक्शन हैं, वहाँ उपभोक्ताओं को पर्मानेंट (स्थायी) कनेक्शन लेना चाहिए। इसके लिए खंभे लगाने से लेकर जरूरी संसाधनों की व्यवस्था बिजली विभाग खुद अपनी जिम्मेदारी पर करेगा।
  • लो-वोल्टेज के लिए थ्री-फेस लाइन की सुविधा: जिन गलियों या क्षेत्रों में सिंगल फेस लाइन होने के कारण लो-वोल्टेज की समस्या आ रही है, वहाँ यदि आसपास के रहवासी सामूहिक रूप से थ्री-फेस कनेक्शन हेतु आवेदन करते हैं, तो विभाग द्वारा वहाँ थ्री-फेस लाइन, नए ट्रांसफॉर्मर एवं खंभों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

​कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन आश्वासनों के बावजूद भी शहर में लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जनता के हित में सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा। नेताओं ने दोहराया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेसजन हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

“जनहित हमारे लिए सर्वोपरि है और भीषण गर्मी के इस मौसम में शहरवासियों को बिजली की समस्या से राहत दिलाना हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।”

 

ये रहे उपस्थित

​इस अवसर पर मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरेशी, पार्षद सुमित शर्मा, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष साजन पटेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंचल साहू, उपाध्यक्ष अनिल सोनी, अश्विन गौतम, शिव जायसवाल, सुनील यादव एवं लोकेश सहित बड़ी संख्या में समस्त कांग्रेस के साथी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!