किसानों में दिखा उत्साह, बाजे-गाजे व आतिशबाजी के साथ हुआ भव्य स्वागत
अर्जुन्दा |
काफी कयासों के बाद सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष की घोषणा होते ही सभी अटकलों पर विराम लग गया। इसके पश्चात बुधवार को नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं उपाध्यक्ष नरेश यदु ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
कार्यालय पहुंचते ही बाजे-गाजे, आतिशबाजी और जोरदार नारों के साथ नवनियुक्त अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दोनों पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया।

इस गरिमामय समारोह में राज्य की पूर्व कैबिनेट मंत्री रामशिला साहू, जागेश्वर साहू, मंत्री यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश मंत्री भाजपा जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, सभापति श्याम शर्मा, छत्तीसगढ़ आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक शिव चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर सहित सत्ता पक्ष एवं संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों को सशक्त बनाने का संकल्प
पदभार ग्रहण के उपरांत नवनियुक्त उपाध्यक्ष नरेश यदु ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप सहित समस्त संगठन नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने किसानों के बीच रहकर उन्हें मजबूत बनाने तथा “सबका साथ, सबका विकास” की भावना से कार्य करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत नेता हेमचंद यादव को स्मरण करते हुए उनके बताए ईमानदारी, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने की बात कहते हुए भावुक हो गए।
दुर्ग सहकारिता को बनाएंगे देशभर में आदर्श : बेलचंदन
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों के अच्छे दिन अब आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में बेहतर कार्यों के लिए ठाकुर प्यारे अवार्ड से सम्मानित होना सामूहिक कार्यक्षमता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सहकारिता की जो दुर्दशा हुई, उसे सुधारते हुए दुर्ग सहकारिता को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित किया जाएगा। मंच से उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार भी किया।
हजारों कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के प्राधिकृत अध्यक्ष, प्रबंधक सहित भाजपा संगठन के हजारों कार्यकर्ता एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

