Skip to main content

Balod Times

बाल कल्याण समिति बालोद की अनूठी पहल: एक साल पहले रेलवे स्टेशन पर मिला भटका बालक अब रतनपुर के परिवार में पाएगा अपनापन

                      बालोद टाइम्स 

बालोद। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में किशोर न्याय अधिनियम 2015 के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर एक वर्ष पूर्व बालोद रेलवे स्टेशन पर भटके हुए मिले 9 वर्षीय बालक समीर (बदला हुआ नाम) का पुनर्वास किया गया है। बालक का फॉस्टर केयर प्लेसमेंट बिलासपुर जिले के रतनपुर निवासी धीवर परिवार में किया गया। अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा द्वारा बालक के पुनर्वास संबंधी आदेश धीवर परिवार को प्रदान किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बालक एवं उसके भावी परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण भविष्य की कामना की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व 9 वर्षीय बालक समीर बालोद रेलवे स्टेशन पर भटकता हुआ पाया गया था। रेलवे पुलिस द्वारा तत्काल बालक को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति, जिला बालोद के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति ने कानूनी प्रावधानों के अनुसार बालक के माता-पिता एवं परिजनों की तलाश के लिए प्रयास शुरू किए। परिजनों की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय समाचार पत्र-पत्रिकाओं में भी सूचना प्रकाशित कराई गई, लेकिन निर्धारित अवधि तक बालक के माता-पिता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

 

इसके बाद बाल कल्याण समिति द्वारा बालक के सामाजिक विकास, पालन-पोषण, देखरेख एवं सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे इच्छुक परिवार की तलाश शुरू की गई, जो बालक को अपने सामर्थ्य के अनुसार बेहतर देखभाल, सुरक्षा और स्नेह प्रदान कर सके। करीब चार माह के निरंतर प्रयासों के बाद बिलासपुर जिले के रतनपुर निवासी धीवर परिवार ने बालक के पालन-पोषण एवं देखरेख की जिम्मेदारी लेने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बाल कल्याण समिति जिला बालोद ने जिला बाल संरक्षण इकाई बालोद तथा सीईएसी के सहयोग से बालक समीर का फॉस्टर केयर प्लेसमेंट धीवर परिवार, रतनपुर जिला बिलासपुर में किया। इस अवसर पर बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे उपहार भी भेंट किया गया, ताकि वह अपने नए परिवार के साथ सहजता और आत्मीयता से नए जीवन की शुरुआत कर सके।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति बालोद के अध्यक्ष श्री कृष्णा साहू सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति की इस पहल से एक ऐसे बच्चे को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण मिल सका, जो लंबे समय से अपने परिवार से दूर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!