227.155 किलोग्राम गांजा, 12 हजार नशीली टेबलेट्स और 2,880 कैप्सूल्स का भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 यूनिट में किया गया नष्टीकरण
बालोद। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन में बालोद जिले में जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं विधिवत नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में नार्कोटिक्स एक्ट के तहत दर्ज 17 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
इस कार्रवाई में धारा 20-बी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 17 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का निपटान किया गया। इसमें 227.155 किलोग्राम गांजा तथा नशीली दवाइयों में 12,000 टेबलेट्स और 2,880 कैप्सूल्स, कुल 14,880 नग नशीली दवाइयां शामिल थीं। जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत ₹29,52,275 बताई गई है।

भिलाई इस्पात संयंत्र में किया गया नष्टीकरण
जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला दुर्ग अंतर्गत थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 यूनिट के भरमीकरण यंत्र में विधिवत रूप से जलाकर संपन्न की गई। यह कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई।
जिला स्तरीय समिति की निगरानी में पूरी हुई कार्रवाई
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का नेतृत्व जिला बालोद के पुलिस अधीक्षक एवं जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने किया। इस दौरान समिति की सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी श्री पलक नंद सहित समिति के अन्य सदस्य एवं पंच उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई।
नशे के खिलाफ बालोद पुलिस की लगातार कार्रवाई
बालोद पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का न्यायालयीन प्रक्रिया एवं निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित नष्टीकरण कर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
बालोद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। बालोद पुलिस का संदेश — नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, सुरक्षित और नशामुक्त बालोद के निर्माण में सभी नागरिक सहयोग करें।


