Skip to main content

Balod Times

बालोद पुलिस होगी हाईटेक: अब NAFIS तकनीक से एक क्लिक में मिलेगी अपराधियों की कुंडली, फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

        बालोद टाइम्स 

बालोद (छत्तीसगढ़)। अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा विवेचना प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बालोद पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय नया रायपुर के निर्देशानुसार आज पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार में एक दिवसीय फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण के जरिए बालोद पुलिस अब राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) तकनीक से लैस होकर डिजिटल और हाईटेक कार्यप्रणाली अपनाएगी।

​यह प्रशिक्षण कार्यशाला पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री राजेश बागड़े के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्यशाला में जिले के समस्त थानों से आए अधिकारी-कर्मचारियों एवं कोर्ट मोहर्रिरों ने हिस्सा लिया।

​एक्सपर्ट ने दिए क्राइम सीन और NAFIS के टिप्स

​प्रशिक्षण के दौरान मुख्य वक्ता और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट श्री धर्मेंद्र कुमार भारती ने पुलिसकर्मियों को फिंगरप्रिंट संग्रहण और सुरक्षा की वैज्ञानिक बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया:

  • वैज्ञानिक विधि से फिंगरप्रिंट: गिरफ्तार व्यक्तियों, संदेहियों और निगरानी बदमाशों के दोनों हाथों के फिंगरप्रिंट लेने का सही और वैज्ञानिक तरीका।
  • क्राइम सीन सुरक्षा: घटनास्थल पर मौजूद फिंगरप्रिंट साक्ष्यों को बिना नुकसान पहुँचाए सुरक्षित रखने और एकत्र करने के आधुनिक तरीके।
  • अज्ञात शवों की पहचान: अज्ञात मृतकों के चर्म-पोर (Skin-Pores) को सुरक्षित रखने की मानक प्रक्रिया।
  • NAFIS प्रणाली: नेशनल ऑटोमैटिक फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन फिंगरप्रिंट अपलोड और त्वरित मिलान।

मैनुअल व्यवस्था से मुक्ति, एक क्लिक में होगी पहचान

​कार्यशाला में एक्सपर्ट ने बताया कि पहले फिंगरप्रिंट्स का संग्रहण और मिलान पूरी तरह से मैनुअल (कागजी) तरीके से होता था, जिसमें काफी समय लगता था। अब NAFIS प्रणाली लागू होने से पूरे देश के अपराधियों का डेटाबेस ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। इससे महज एक क्लिक में अपराधी का पिछला रिकॉर्ड और पहचान सामने आ जाएगी, जिससे मामलों का निपटारा तेजी से होगा और पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सकेगा।

​कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस दौरान डीएसपी श्री राजेश बागड़े सहित बालोद जिले के समस्त थानों एवं रक्षित केंद्र के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!