बालोद। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 12 में आज उस वक्त राजनीतिक और पारिवारिक उल्लास का माहौल देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री आदरणीय टी.एस. सिंहदेव (बाबा साहब) का आत्मीय आगमन युवा पार्षद सुमित शर्मा के निवास पर हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों पर गंभीर विमर्श
पार्षद सुमित शर्मा के निवास पर आयोजित इस बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, क्षेत्र के विकास तथा जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने और जनहित के मुद्दों पर तत्परता से कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से बालोद की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक श्री भैया राम सिन्हा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों को साझा किया।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की सपरिवार रही मौजूदगी
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि राजनीति के साथ-साथ इसमें एक मजबूत पारिवारिक जुड़ाव भी देखने को मिला। आयोजन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य व छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री कोको पाढ़ी, बालोद जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री प्रशांत बोकड़े और युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष श्री साजन पटेल विशेष रूप से अपने-अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। नेताओं और उनके परिजनों की इस सपरिवार मौजूदगी ने माहौल को बेहद आत्मीय और जीवंत बना दिया। इनके अलावा युवा कांग्रेस एवं संगठन के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राजनीतिक विमर्श के बीच मना जन्मदिन का जश्न
गंभीर राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चाओं के बीच माहौल उस समय बेहद खुशनुमा हो गया, जब पार्षद सुमित शर्मा के भतीजे शिवांश शर्मा का जन्मदिन मनाया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, विधायक संगीता सिन्हा, कोको पाढ़ी, प्रशांत बोकड़े, साजन पटेल और उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं व उनके परिवारों ने मिलकर नन्हे शिवांश के साथ केक काटा। सभी ने शिवांश को दीर्घायु होने का आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
“वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन हमारे लिए सौभाग्य की बात”
इस आत्मीय आगमन पर गहरा आभार व्यक्त करते हुए पार्षद सुमित शर्मा ने कहा— “मेरे निवास पर बाबा साहब सहित इतने वरिष्ठ नेताओं का आगमन, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होना मेरे और मेरे परिवार के लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य की बात है। उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से निश्चित रूप से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और हमें जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।”

