बालोद टाइम्स
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली और इंसानियत को झकझोर देने वाली बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जहाँ एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 12 साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश है।
यह पूरा मामला बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है।
डरी-सहमी बच्ची ने माँ को बताई आपबीती
मिली जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय आरोपी पिता पिछले कुछ समय से अपनी 12 वर्षीया नाबालिग बेटी पर नीयत खराब किए हुए था। हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने अपनी ही मासूम बेटी को हवस का शिकार बना डाला।
वारदात के बाद सहमी और डरी बच्ची ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपनी माँ को बताई। बेटी की बातें सुनकर माँ के होश उड़ गए। इसके बाद बिना किसी देरी के पीड़िता की माँ अपनी मासूम बेटी को लेकर सीधे गुंडरदेही थाने पहुँची और कलयुगी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में मामला
मासूम की शिकायत पर गुंडरदेही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण करवाकर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।
किरण चव्हाण (SP, बालोद): “गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग पीड़िता और उसकी माँ की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
समाज में बढ़ता आक्रोश
संरक्षक ही जब भक्षक बन जाए तो समाज का विश्वास डगमगा जाता है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा (फांसी) देने की मांग उठ रही है, ताकि कोई भी ऐसा घिनौना अपराध करने की सोच भी न सके।


