बालोद टाइम्स
गुरूर। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय डढारी, संकुल केंद्र खुंदनी की छात्राओं ने 26वीं संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है। गायत्री विद्यापीठ, राजनांदगांव में आयोजित 26वीं संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता योग में दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, मानपुर-मोहला, खैरागढ़ एवं कबीरधाम जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

दो छात्राओं ने हासिल किया राज्य स्तर का टिकट
प्रतियोगिता में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय डढारी की कुमारी भूमिजा साहू एवं कुमारी गीतेश्वरी विश्वकर्मा ने बालिका 14 वर्ष वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और ग्राम डढारी में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर राज्य स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
शिक्षकों और ग्रामीणों ने दी बधाई
छात्राओं के चयन पर जिला खेल समन्वयक श्री सपन कुमार जैना, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गुरूर श्री ललित कुमार चंद्राकार, विकासखंड खेल अधिकारी श्री ज्ञान सिंह जुरेशिया, संकुल प्राचार्य खुंदनी श्री नरेश कुमार साहू एवं संकुल समन्वयक श्री हेमलाल पटेल ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती के. साहू, शिक्षक साथी श्री लोकेश्वर सिन्हा एवं श्री सी.एच. देवांगन, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, उपाध्यक्ष श्री सलेश्वर साहू, शिक्षाविद श्रीमती शेष कुमारी साहू, सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों तथा गांव विकास समिति के पदाधिकारियों ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। योग प्रशिक्षक एवं प्रधान पाठक बालाराम निषाद ने बताया कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने दोनों चयनित छात्राओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


