Skip to main content

Balod Times

रक्षाबंधन पर अनूठी पहल: दल्ली राजहरा में भाइयों ने बहनों को उपहार में दिए पौधे, लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

बालोद टाइम्स 

दल्ली राजहरा (बालोद)। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन को दल्ली राजहरा के साहू परिवार ने एक मिसाल के रूप में मनाया। पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू एवं उनके परिवार ने इस त्योहार को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए बहनों को उपहार में फलदार एवं छायादार पौधे भेंट किए।

रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदीप साहू, सतीश साहू, उमाशंकर साहू, आशीष साहू, पूजा साहू और गोरीमा साहू सहित परिवार के सदस्यों ने बहन की रक्षा के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। बहनों ने भी इन पौधों का विधिवत रोपण कर, वृक्ष बनने तक उनकी पूर्ण देखरेख करने का वचन दिया।

ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए वृक्षारोपण जरूरी

प्रदीप साहू ने कहा, “आज ग्लोबल वार्मिंग, क्लाइमेट चेंज और लगातार बढ़ रहा तापमान पूरी मानवता के लिए बड़ी चुनौती है। ग्लेशियरों का तेजी से पिघलना और हाल ही में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा इसी का परिणाम है। इससे बचने का एकमात्र प्रभावी जरिया ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना है।”

“जैसे एक भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, वैसे ही हम सभी को एक पौधे को गोद लेकर उसकी रक्षा का वचन लेना चाहिए। यही सच्चे अर्थों में धरती माता की रक्षा होगी।”

— प्रदीप साहू, पर्यावरण प्रेमी

साहू परिवार की इस पर्यावरण-हितैषी पहल की डौंडी ब्लॉक और पूरे दल्ली राजहरा क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। यह पहल संदेश देती है कि यदि हमारे लोक-पर्वों को पर्यावरण से जोड़ा जाए, तो त्योहारों की सार्थकता और बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!