नशे की हालत में हुई मारपीट, उपचार के दौरान मृतक ने तोड़ा दम
रायपुर |
रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी नालापारा में घटित एक दुखद घटना में मामूली विवाद के चलते एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सनी साहू और दुर्गेश सतनामी दोनों साहू दूध डेयरी में कार्यरत थे तथा आपस में मित्र थे। दुर्गेश सतनामी डेयरी परिसर में ही निवास करता था। दिनांक 23-24 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात दोनों ने पहले से शराब का सेवन किया हुआ था और इसके बाद डेयरी में पुनः शराब पी रहे थे।
इसी दौरान दुर्गेश सतनामी खाने के लिए भजिया लेकर आया था, जो ठंडा हो गया था। इसी बात को लेकर सनी साहू और दुर्गेश सतनामी के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान सनी साहू ने पास में पड़े लोहे के रॉड से दुर्गेश सतनामी पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घटना के बाद सनी साहू स्वयं घायल दुर्गेश सतनामी को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद दुर्गेश सतनामी को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान दुर्गेश सतनामी पिता मोहन सतनामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में की गई है। इस संबंध में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 405/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस एवं एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद अत्यंत व्यथित अवस्था में था और मृतक के शव के पास बैठकर पश्चाताप व्यक्त कर रहा था। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
सनी साहू पिता राजेश साहू
उम्र – 22 वर्ष
निवासी – दुर्गा चौक, शनि मंदिर के पास
थाना – खम्हारडीह, रायपुर

