Balod Times

अंडर-19 नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेगी बालोद की वंशिका मिश्रा

बालोद। जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है उन्हें सही मंच और बेहतर सुविधाएँ देने की। यदि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित प्लेटफॉर्म और संसाधन मिलें, तो वे इतिहास रचने में पीछे नहीं रहते।

डौंडी विकासखंड के ग्राम गोटूलमुंडा निवासी वंशिका मिश्रा, पिता अनिल कुमार मिश्रा, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिखली की छात्रा हैं, का चयन स्कूल की ओर से अंडर-19 नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता बेंगलुरु में आयोजित की जा रही है, जिसके लिए वंशिका 2 फरवरी को रवाना होंगी। इस प्रतियोगिता में वह छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उल्लेखनीय है कि वंशिका इससे पूर्व संभाग और राज्य स्तर की कई बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। उन्होंने 16 से 18 सितंबर 2025 तक रायपुर में आयोजित 25वीं स्टेट लेवल स्कूल गेम्स 2025-26 के अंतर्गत अंडर-19 गर्ल्स बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

वंशिका ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से बॉक्सिंग का अभ्यास कर रही हैं। उनकी कोच दल्लीराजहरा की टामिन साहू हैं, जिनके मार्गदर्शन में वह निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी ने वंशिका को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक लड़की द्वारा बॉक्सिंग जैसे साहसिक खेल को चुनकर उसमें निरंतर आगे बढ़ना गर्व की बात है। बॉक्सिंग न केवल आत्मरक्षा सिखाती है, बल्कि आत्मविश्वास और मनोबल भी बढ़ाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि दल्लीराजहरा क्षेत्र में अनेक प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बालोद जिले का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!