बालोद। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क-स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेडमेन के पदों पर भर्ती की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार भर्ती रैली को सफल बनाने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बालोद द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भारतीय सेना में सेवा के अवसर और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा शासकीय कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों में फ्लैक्स और बैनर के माध्यम से भी प्रचार किया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर के जरिए भी युवाओं तक भर्ती की जानकारी पहुंचाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूरे प्रदेश में अब तक सबसे अधिक अभ्यर्थियों ने बालोद जिले से पंजीयन कराया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं और 12वीं निर्धारित की गई है तथा अभ्यर्थी का जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए वेबसाइट https://joinindianarmy.nic.in/ पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि भारतीय थल सेना में सिपाही (फार्मा) पद के लिए अविवाहित पुरुष आवेदकों की आयु 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 के बीच होना आवश्यक है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 01 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212, 0771-2965214 अथवा जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष क्रमांक 07749-299509 पर संपर्क किया जा सकता है।

