अर्जुंदा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा मंडल अर्जुंदा द्वारा क्षेत्र में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे कार्यकर्ताओं और युवाओं के देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
अर्जुंदा नगर से शहीद स्मारक कुर्दी तक निकली यात्रा
यह विशाल बाइक तिरंगा यात्रा अर्जुंदा नगर भ्रमण के बाद मटिया, खैरबना, कांदूल, रेहची, झींका और नवागांव होते हुए कुर्दी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से देशभक्ति का माहौल बन गया।
शहीदों के परिजनों का सम्मान और माल्यार्पण
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की:
खैरबना: शहीद गजरू राम मंडावी के परिजनों से मिलकर उन्हें तिरंगा सौंपा गया।
कांदुल: शहीद उकेश ठाकुर के परिजनों को सम्मानित कर आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया।
नवागांव: शहीद रतीराम सिन्हा के परिजनों का सम्मान कर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
राष्ट्रीय ध्वज हमारे शौर्य और एकता का प्रतीक: नरेश यदु
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यदु एवं मंडल प्रभारी जितेंद्र साहू ने कहा, “तिरंगा देश के गौरव, शौर्य, त्याग और एकता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रज्वलित करता है। सभी नागरिक स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा अवश्य फहराएं।”
सेनानियों के बलिदान को याद करने का दिन: विश्वास जीतू गुप्ता
भाजपा मंडल अर्जुंदा अध्यक्ष विश्वास जीतू गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन करने का दिन है। हम सभी को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
जन-जन की रही भागीदारी
इस तिरंगा यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ युवाओं, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


