बालोद: जिले की पत्रकारिता में तेजी से अपनी पहचान बना रहे बालोद टाइम्स को कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने एक सशक्त और जनहितकारी पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका भविष्य में “आम जनता की आवाज” बनकर उभरेगी और जिले के विकास को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। मंगलवार को बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक के ग्राम धनोरा में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने बालोद टाइम्स के चौथे अंक का अवलोकन किया। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक सुप्रीत शर्मा द्वारा उन्हें अंक भेंट किया गया। पत्रिका को देखते हुए कलेक्टर ने कहा कि उनके एक वर्ष के सफल कार्यकाल को जिस संवेदनशीलता और सटीकता के साथ शब्दों में पिरोया गया है, वह वास्तव में सराहनीय है।

कलेक्टर मिश्रा ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता एक मजबूत स्तंभ है, जो शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बालोद टाइम्स जिले की महत्वपूर्ण खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएगा और उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पत्रिका के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा, जिससे आम नागरिकों को जागरूकता और लाभ मिलेगा
संस्कृति, पर्यटन और विकास को मिलेगा नया मंच-
कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने कहा कि बालोद टाइम्स जैसे मासिक प्रकाशन जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का एक प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। इससे न केवल जिले की पहचान मजबूत होगी, बल्कि बाहरी स्तर पर भी बालोद की सकारात्मक छवि बनेगी। इस दौरान संपादक सुप्रीत शर्मा ने पत्रिका के उद्देश्यों, भावी योजनाओं और विभिन्न स्तंभों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया की बालोद टाइम्स का उद्देश्य निष्पक्ष, जनहितकारी और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार जगत के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बालोद टाइम्स की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले की पत्रकारिता के लिए एक नई शुरुआत और बड़ी उपलब्धि बताया।

