Skip to main content

Balod Times

केंद्रीय बजट पर भाजपा का किसान संवाद व “वीबी जी राम जी” जन चौपाल आयोजित, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

बालोद। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा किसान संवाद एवं वीबी जी राम जी जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार तथा जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख के मार्गदर्शन में किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख के नेतृत्व में जूँगेरा मंडल के ग्राम लाटाबोड़ में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन रहे, जिसमें बड़ी संख्या में किसान उपस्थित हुए।

कार्यक्रम में किसानों के साथ केंद्रीय बजट-2026 में कृषि व ग्रामीण हित से जुड़े प्रावधानों पर संवाद एवं परिचर्चा की गई।

प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजट में अन्नदाता भाइयों के चेहरे पर मुस्कान बनाए रखने का समायोजन किया गया है तथा अंतिम व्यक्ति के आर्थिक विकास के लिए अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत गांवों में सड़क, नाली, सिंचाई सुविधा, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय एवं स्वच्छ जल सहित समस्त निर्माण कार्य किए जाएंगे तथा ग्रामीण स्वयं प्राथमिकता तय करेंगे। साथ ही 100 दिन के स्थान पर अब 125 दिन तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

किसान मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट-2026 में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने तथा मत्स्य पालन व पशुपालन में रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए 1.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग 7 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे किसानों को सस्ता ऋण मिलेगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों का एकीकृत विकास किया जाएगा, जिससे मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा और महिला समूहों व स्टार्टअप्स को बाजार से जोड़ने में सहायता मिलेगी। साथ ही ईईजेड और हाई सीज में पकड़ी गई मछलियों को ड्यूटी फ्री किए जाने से मछुआरों की आय बढ़ेगी।

प्रदेश सह संयोजक योगेश्वानंद योगी ने कहा कि बजट 2026-27 में कृषि आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है। भारत-विस्तार (VISTAAR) एआई टूल, काजू-कोकोआ कार्यक्रम, उर्वरक सब्सिडी, उच्च घनत्व बागवानी तथा पीएम किसान सम्मान निधि योजना जारी रखी गई है। पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर किसानों की अतिरिक्त आय सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनका स्वागत यशवंत जैन ने भाजपा गमछा पहनाकर किया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख ने दिया, आभार जूँगेरा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू ने व्यक्त किया तथा संचालन पुष्पेन्द्र तिवारी ने किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, छगन देशमुख, प्रेम साहू, सरस्वती टेमरिया, धर्मेंद्र साहू, दानेश्वर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण श्रमिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!