बालोद टाइम्स
बस स्टैंड और हाई स्कूल के पास पुलिस ने दी दबिश, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
बालोद / गुण्डरदेही | क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुण्डरदेही पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर अवैध रूप से सट्टा खिला रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम और सट्टा-पट्टी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की रेड
मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड और हाई स्कूल गुण्डरदेही के पास अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगवाकर सट्टा खेलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर एक साथ घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
मौके से पुलिस ने दो सटोरियों को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल ₹2,740 नगद, सट्टा-पट्टी और डॉटपेन जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
चंद्रिका कोसरिया (पिता: स्व. बीजूल कोसरिया) – निवासी: बस स्टैंड गुण्डरदेही, जिला बालोद (जब्ती: ₹1,490 नगद)
महेन्द्र कुमार सेन (पिता: स्व. किशुन लाल सेन) – निवासी: नदिया पारा गुण्डरदेही, जिला बालोद (जब्ती: ₹1,250 नगद)
कानूनी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में सउनि. राघवेंद्र सिंह, सउनि. अरविंद साहू, आरक्षक यशवंत देशमुख और पंकज तारम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कड़ा संदेश: गुण्डरदेही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


