गुण्डरदेही/बालोद। क्षेत्र में डीजल चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के समय दो खड़े ट्रकों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी कर लिया। इस घटना के बाद ट्रक ड्राइवरों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दो ट्रकों से सैकड़ों लीटर डीजल पार
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 07 CK 4350 और CG 24 T 2429 में क्रमशः करीब 300 लीटर और 370 लीटर डीजल भरा हुआ था, जिसे अज्ञात चोरों ने पूरी तरह खाली कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रकों में मिलाकर 60 हजार रुपए से अधिक का डीजल भरा हुआ था।
ढाबे के पास खड़ी थी गाड़ियां, रात में हुई वारदात
घटना रात करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। ट्रक ड्राइवर और हेल्पर गुण्डरदेही के एक ढाबे सोनू रेस्टोरेंट से कुछ दूरी पर गाड़ियां खड़ी कर सो रहे थे। सुबह नींद खुलने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली।
ड्राइवरों का दावा—कुछ खिलाया या सुंघाया गया
पीड़ित ड्राइवरों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में साझा किया है, जिसमें उन्होंने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों द्वारा उन्हें कुछ खिलाया या सुंघाया गया, जिससे वे गहरी नींद में चले गए और चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दे दिया।
चोरों ने टंकी को खोलकर पूरी तरह डीजल निकाल लिया, वहीं घटनास्थल पर अन्य वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं।
माइंस क्षेत्र की बताई जा रही गाड़ियां
बताया जा रहा है कि दोनों ट्रक गिधाली माइंस और कच्चे माइंस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही गुण्डरदेही पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ड्राइवर संघ में बढ़ी चिंता
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ट्रक ड्राइवरों में दहशत का माहौल है। ड्राइवर संघ का कहना है कि रात में गाड़ी खड़ी कर आराम करना अब मुश्किल होता जा रहा है, ऐसे में सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे और ढाबा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

