बालोद टाइम्स
डौंडीलोहारा / बालोद (बालोद टाइम्स): डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम खैरा कुम्हालोरी के किसान फसल बीमा का लाभ न मिलने और स्थानीय ग्राम सेवक के दुर्व्यवहार से परेशान होकर सोमवार को कलेक्टोरेट जनदर्शन पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
70 एकड़ से अधिक चना फसल हुई थी खराब
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में 100 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में चना की फसल बोई गई थी। प्राकृतिक आपदा व मौसम की मार के कारण 70 एकड़ से अधिक रकबे की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी। गांव के 105 से अधिक किसानों ने नियमानुसार फसल बीमा कराया था, लेकिन विडंबना यह है कि केवल 4 किसानों को ही बीमा राशि का भुगतान किया गया है। शेष 101 से अधिक किसान मुआवजा पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
ग्राम सेवक पर दुर्व्यवहार का आरोप
पीड़ित किसानों का कहना है कि जब वे अपनी शिकायत और बीमा राशि की जानकारी लेने स्थानीय ग्राम सेवक के पास जाते हैं, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। सही जानकारी देने के बजाय उन्हें भगा दिया जाता है। सरकारी रवैये से आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द बीमा का लाभ नहीं मिला, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
बीमा कंपनी से चर्चा कर जल्द दिलाएंगे राहत: डीडीए
इस मामले में कृषि विभाग बालोद के उप संचालक (DDA) आशीष चंद्राकर ने बताया कि जिले में पात्र किसानों को बीमा का लाभ दिया जा रहा है। ग्राम खैरा कुम्हालोरी के कुछ किसानों की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित बीमा कंपनी के अधिकारियों से बात कर तकनीकी त्रुटियों को सुधारा जाएगा और किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।


