बालोद टाइम्स
बालोद | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की महत्वाकांक्षी ‘छत्तीसगढ़ तीर्थ योजना’ के तहत बालोद जिले से 75 श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और भक्तिमय माहौल देखा गया।
बसों के प्रस्थान से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर एवं जनपद पंचायत डौंडी की सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर यात्रा का शुभारंभ किया।

आरती उतारकर श्रद्धालुओं का किया आत्मीय स्वागत
रवाना होने से पहले जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रा पर जा रहे सभी 75 श्रद्धालुओं को फूल-मालाएं पहनाईं और आरती उतारकर उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की। इसके बाद अतिथियों ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच बसों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या और काशी के लिए रवाना किया।

जनप्रतिनिधियों ने कही यह बात
“आर्थिक रूप से कमजोर एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरदान” — तारणी चंद्राकर (जिला पंचायत अध्यक्ष)
“छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना समाज के हर वर्ग को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर दे रही है। अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन और काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए जीवन का अविस्मरणीय अनुभव होगी। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और वरिष्ठ नागरिकों के सपनों को साकार कर रही है।”
“संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर” — मंजू संजय बैस (जनपद सभापति)
“तीर्थयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक पवित्र माध्यम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है। श्रद्धालु स्वस्थ, प्रसन्न और सफल दर्शन कर वापस लौटें, यही हमारी कामना है।”
समाज कल्याण विभाग की निगरानी में बेहतर व्यवस्थाएँ
इस पूरी तीर्थयात्रा का कुशल प्रबंधन समाज कल्याण विभाग के संचालक श्री अजय गेडाम के मार्गदर्शन में किया गया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, ठहरने, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री पुष्पेंद्र चंद्राकर, पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरा परिसर धार्मिक जयकारों से गूंज उठा और पूरे जिले में खुशी की लहर देखने को मिली।


