Balod Times

जगन्नाथपुर सरस्वती शिशु मंदिर में माताओं ने दिखाई छिपी प्रतिभा, मटका दौड़, बाल्टी बॉल प्रतियोगिता में लिया हिस्सा तो अभिनय से भी जीता लोगों का दिल

बालोद। ये तस्वीरें हैं बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय की, जहां पर शनिवार को मातृ सम्मेलन का कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान माताओं के लिए मटका दौड़, बाल्टी बॉल, गुब्बारा फूलाओ और फोड़ो, बिस्किट खाओ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं रखी गई। जिसमें विभिन्न गांव से पहुंची माताओं ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया। किसी ने मटका दौड़ में बाजी मारी तो किसी ने बाल्टी बॉल में अपना निशाना साधा। गुब्बारा फूलाओ और फोड़ो के साथ माथे पर रख बिस्किट खाओ प्रतियोगिता मजेदार रही। इन सब खेलो में हिस्सा लेकर माताओं ने अपने बचपन की यादें ताजा की। तो उन्हें इस बात का अहसास भी दिलाया गया कि वे सब कुछ कर सकती हैं। नारियां किसी से कम नहीं है। इस आयोजन के दौरान माताओं का अभिनय प्रतिभा भी रखी गई। जिसमें छत्तीसगढ़ महतारी, रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, माता सीता, मीराबाई आदि के वेशभूषा में संवाद सहित अभिनय कर माताओं ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस आयोजन की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी थी। अध्यक्षता जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने की। इसके अलावा अन्य विशेष अतिथियों में सांकरा ज की सरपंच लता चूरेंद्र, पार्षद सुनीता मनहरण, बीएसएफ पंजाब की जवान सविता मिथलेश सहित अन्य मौजूद रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!