Skip to main content

Balod Times

दोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बालोद टाइम्स 

तीन महिला स्व-सहायता समूहों से मशीन दिलाने के नाम पर लिए थे रुपए, न मशीन दी न रकम लौटाई; न्यायालय ने जेल भेजा

डौंडी, बालोद। दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर तीन महिला स्व-सहायता समूहों से 3 लाख 89 हजार रुपए लेने और बाद में न मशीन उपलब्ध कराने तथा न ही रकम वापस करने के मामले में डौंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट बनने पर जिला जेल बालोद दाखिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम औराटोला में पांच महिला स्व-सहायता समूह संचालित हैं। इनमें प्रेरणा स्व-सहायता समूह, जय बुढादेव स्व-सहायता समूह, जय मां स्व-सहायता समूह, ज्योति स्व-सहायता समूह और जागृति महिला स्व-सहायता समूह शामिल हैं। इनमें से प्रेरणा, जय मां और जय बुढादेव स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने दोना-पत्तल मशीन खरीदने के लिए खेमेन्द्र कुमार सेन, निवासी खल्लारी, थाना गुंडरदेही से संपर्क किया था।

शिकायत के मुताबिक तीनों समूहों के सदस्यों तथा ग्राम कामता निवासी हेमिन भुआर्य ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नर्राटोला से कुल 3,89,000 रुपए का ऋण लेकर 3 दिसंबर 2025 को यह राशि खेमेन्द्र कुमार सेन को दी थी। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने आज तक दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध नहीं कराई और न ही रकम वापस की। बार-बार रुपए एवं मशीन के संबंध में मांग करने पर वह कथित तौर पर टालमटोल करता रहा।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

मामले में प्रार्थिया श्रीमती लोकेश्वरी साहू पति खेमलाल साहू (41 वर्ष), निवासी औराटोला आवासपारा, थाना डौंडी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में अपराध दर्ज किया।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने के बाद खेमेन्द्र कुमार सेन (33 वर्ष), पिता बलद राम सेन, निवासी खल्लारी, थाना गुंडरदेही को 23 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां जेल वारंट जारी होने पर जिला जेल बालोद में दाखिल कराया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई।

इनकी रही सक्रिय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमा ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक दुर्जन लाल रावटे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजय सिंह, प्रधान आरक्षक 1697 अरविंद यादव, आरक्षक 179 पुकेश साहू, आरक्षक 314 भुवनेश्वर यादव एवं आरक्षक 352 ईश्वर भंडारी, थाना डौंडी की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!