बालोद टाइम्स
धमतरी / बिरेझर: धमतरी जिले में पुलिस ने खनिज संपदा की अवैध तस्करी और चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना और चौकी बिरेझर (थाना कुरूद) की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर कार्रवाई करते हुए पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी किए गए 146 बहुमूल्य हीरों के साथ एक आरोपी को दबोच लिया है। जब्त किए गए हीरों और अन्य सामानों की कुल कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और चोरी पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-30 मुख्य मार्ग पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है।
सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल (उम्र 64 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा (जिला बलौदाबाजार-भाटापारा) बताया।
वर्ष 2018 में चुराए थे हीरे
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथीन में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर (हीरे) बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ये हीरे वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पायलीखंड खदान क्षेत्र से चुराए थे, जिन्हें वह अब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
कुल जब्ती और कार्रवाई
बहुमूल्य पत्थर (हीरे): 146 नग (कुल वजन 16.17 ग्राम, शुद्ध वजन 13.49 ग्राम) — अनुमानित कीमत ₹10,05,000/-
मोबाइल फोन: सैमसंग Galaxy S21 FE 5G (दो सिम सहित) — कीमत ₹8,000/-
नकद राशि: ₹2,200/-
कुल मशरूका: ₹10,15,200/- (दस लाख पंद्रह हजार दो सौ रुपये)
आरोपी के खिलाफ धारा 21(4) खान एवं खनिज अधिनियम तथा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर 19 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को कुरूद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

