Skip to main content

Balod Times

नाम-पता पूछने की बात पर विवाद: बालोद में युवक पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

बालोद टाइम्स 

बालोद। बालोद पुलिस ने नाम और पता पूछने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से वार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी जप्त कर लिया गया है।

मामला 28 अगस्त 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे का है। ग्राम भरदा निवासी प्रार्थी खोरबाहरा राम ठाकुर ग्राम निपानी स्थित चोवा सिन्हा के पान ठेले पर रुका था। उसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उससे नाम-पता पूछा। प्रार्थी द्वारा अपना परिचय देने और दुबई से लौटने की बात कहने पर आरोपी भड़क गया। उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपनी जेब से बटनदार चाकू निकालकर प्रार्थी के गले के पास वार कर दिया।

 

पान ठेला संचालक से मिला आरोपी का सुराग

घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर बालोद पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026, धारा 296(ए), 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जब पान ठेला संचालक से पूछताछ की, तो आरोपी की पहचान ईश्वर सोनी निवासी ग्राम निपानी के रूप में हुई।

मेमोरेंडम कथन में कबूला जुर्म, आर्म्स एक्ट की धाराएं जुड़ीं

पुलिस ने आरोपी ईश्वर सोनी (26 वर्ष), पिता घनाराम सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रार्थी के जवाब से नाराज होकर आवेश में आ गया था और चाकू से हमला कर दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू जप्त किया गया, जिसके बाद मामले में 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।

बालोद पुलिस ने आरोपी को 31 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!