Balod Times

प्रकृति की गोद में पर्यटन का महोत्सव: सियादेवी जलाशय में 3 दिवसीय इको टूरिज्म फेस्ट का भव्य शुभारंभ

बालोद। बालोद जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय के तट पर तीन दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रकृति की मनोरम वादियों के बीच आयोजित इस फेस्ट के जरिए जिला प्रशासन सियादेवी जलाशय को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। यह आयोजन 13 से 15 फरवरी तक चलेगा।

जनप्रतिनिधि व अधिकारी पहुंचे, बैम्बू राफ्टिंग से किया जलाशय का भ्रमण

शुभारंभ अवसर पर संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, राज्य एथलेटिक संघ उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, पूर्व राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग सदस्य श्री यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी सहित कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, डीएफओ श्री अभिषेक अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित अनेक अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण व पर्यटक मौजूद रहे।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बैम्बू राफ्टिंग में सवार होकर सियादेवी जलाशय का भ्रमण किया और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।

एडवेंचर गतिविधियों में अधिकारियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में तीरंदाजी, एयर गन, वॉल क्लाइम्बिंग, टायर क्लाइम्बिंग, मोटर बाइक, फ्लोटिंग बलून, हॉट एयर बलून जैसी एडवेंचर गतिविधियां आयोजित की गईं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा सहित अधिकारियों ने इन गतिविधियों में भाग लेकर पर्यटकों व ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के साथ म्यूजिकल बॉल खेलकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया।

पर्यटन विकास से बढ़ेगी स्थानीय आजीविका

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सियादेवी जलाशय शासन-प्रशासन के सहयोग से सुंदर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने और नारागांव के ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण की मांग भी रखी।
पूर्व राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग सदस्य यशवंत जैन ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में इस स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास सराहनीय है।

स्थानीय व्यंजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं व स्थानीय कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। वहीं स्थानीय व्यंजनों व उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ठेठरी, खुरमी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!