Skip to main content

Balod Times

बालोद के अंसार अहमद का राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में चयन, पेंड्रा में दिखाएंगे अपना हुनर

बालोद टाइम्स 

बालोद। अंतर शालेय 14 वर्ष संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आज बालोद में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के सभी जिलों की स्कूली टीमों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस स्पर्धा में अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बालोद के कृष्णा किंडरगार्डन स्कूल के छात्र अंसार अहमद (पिता: आफताब अहमद) ने राज्य स्तरीय (State Tournament) क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।

पेंड्रा में होगा राज्य स्तरीय टूर्नामेंट, 16 को रवाना होगी टीम

चयनित खिलाड़ी अंसार अहमद अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह स्टेट टूर्नामेंट 18 से 22 अगस्त तक पेंड्रा में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दुर्ग संभाग की चयनित टीम 16 अगस्त को दुर्ग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।

अंसार ने सफलता का श्रेय दादा, कोच और शिक्षकों को दिया

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अंसार अहमद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा हाजी खलील अहमद, खेल कोच पारस सर और दीपक दुबे सर को दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बालोद किशोर मेहरा, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सपन जेना, जिला खेल समन्वयक जहीरूद्दीन सर, भावेश सर, व्यायाम शिक्षक सूर्यकांत सिन्हा व सौरभ शर्मा का मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। अंसार ने अपनी स्कूल प्रिंसिपल रीना चोपड़ा, काजल चोपड़ा एवं समस्त शिक्षक स्टाफ का भी धन्यवाद जताया।

खेल प्रेमियों व शिक्षकों ने दी मुबारकबाद

अंसार के राज्य स्तरीय टीम में चयन होने की खबर से स्कूल, परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, स्कूल प्रबंधन, व्यायाम शिक्षकों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें मुबारकबाद देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!