बालोद टाइम्स
बालोद: बालोद जिले के एकमात्र जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की लाचारी के खिलाफ युवा कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला अस्पताल को केवल “रेफर सेंटर” बनकर रह जाने का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस के साथियों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर सांकेतिक शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के खिलाफ जमकर अपनी आवाज बुलंद की।

प्रमुख आरोप और मुद्दे:
सुविधाएं शून्य, सिर्फ रेफर सेंटर: करोड़ों रुपये की लागत से बने सर्वसुविधा युक्त जिला अस्पताल का उद्देश्य जिले की जनता को बेहतर इलाज मुहैया कराना था, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मरीजों को मामूली इलाज के लिए भी अन्य जिलों के बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है।
धूल फांक रही करोड़ों की मशीनें: अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण और इलाज के लिए मंगाई गई करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीनें आज उपयोग के अभाव में धूल फांक रही हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों पर गंभीर सवाल: प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार से पूरा वेतन और मानदेय लेने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टर जिला अस्पताल में सेवाएं देने के बजाय निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे हैं, जिससे आम जनता और गरीब मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस की चेतावनी
युवा साथियों ने अस्पताल प्रबंधन और राज्य सरकार की इस लचर कार्यप्रणाली को जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जिला अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं लाया गया और डॉक्टरों की मनमानी पर रोक नहीं लगी, तो युवा कांग्रेस और अधिक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

