Skip to main content

Balod Times

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुर्ग जेल से छूटते ही फिर शुरू की बाइक चोरी, अंतरजिला शातिर चोर ‘सन्नाटा’ गिरफ्तार; 3 दोपहिया वाहन जब्त

बालोद टाइम्स 

बालोद (छत्तीसगढ़)। जिला पुलिस ने अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी उमेश यादव उर्फ ‘सन्नाटा’ शातिर किस्म का चोर है, जो घटना के ठीक चार दिन पहले ही दुर्ग जेल से रिहा हुआ था।

जेल से निकलते ही फिर शुरू किया अपराध

पुलिस के अनुसार, आरोपी उमेश यादव (40 वर्ष), निवासी बघेरा, दुर्ग 20 अगस्त 2026 को ही बाइक चोरी के मामले में दुर्ग जेल से रिहा हुआ था। जेल से छूटने के बाद उसने 23-24 अगस्त की रात अर्जुन्दा क्षेत्र के एक मकान के सामने से बजाज मोटरसाइकिल (CG 07 BP 7301) पार कर दी। इसके बाद 24 अगस्त को बालोद न्यायालय परिसर के पास से फैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 24 F 5368) और धमतरी के कुरूद क्षेत्र से एक एक्टिवा चोरी कर ली।

CCTV फुटेज और साइबर सेल की मदद से दबोचा गया

वाहनों की चोरी की शिकायतों पर धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में साइबर सेल, अर्जुन्दा और गुंडरदेही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपी को चिन्हांकित किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उस वक्त धर दबोचा जब वह चोरी के वाहनों के साथ अर्जुन्दा स्थित अपने ससुराल जा रहा था।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा के खिलाफ राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद और रनचिरई के विभिन्न थानों में चोरी (धारा 379 भादवि व 303(2) बीएनएस) के कुल 8 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

कार्रवाई में साइबर सेल बालोद, थाना अर्जुन्दा और थाना गुंडरदेही पुलिस की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने तीनों वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!