बालोद टाइम्स
छाया विधायक राकेश यादव के मार्गदर्शन व नपा उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में उठी आवाज
बालोद। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सालों से कबाड़ का काम कर अपने परिवार का गुजर-बसर करने वाले फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रशासनिक पाबंदियों से परेशान फुटकर कबाड़ी संघ ने जिला पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चौहान एवं थाना प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर राहत देने की मांग की है।
यह ज्ञापन छाया विधायक श्री राकेश यादव के मार्गदर्शन और नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी के नेतृत्व में सौंपा गया।
नियमों के पालन का दिया भरोसा
ज्ञापन सौंपने पहुंचे व्यवसायियों ने बताया कि वे सालों से गांव-गांव और शहर के घर-घर जाकर टूटा-फूटा लोहा, टीन, प्लास्टिक, एल्युमिनियम, रद्दी कागज व अन्य अनुपयोगी सामान खरीदकर अपना जीवन यापन करते हैं। पाबंदियों के कारण अब उनके परिवारों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है।
संघ ने स्पष्ट किया कि:
वे किसी भी प्रकार की चोरी की सामग्री की खरीदी-बिक्री नहीं करते हैं।
पुलिस व प्रशासन द्वारा तय सभी नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए तैयार हैं।
वास्तविक स्थिति को देखते हुए उन्हें नियमानुसार दोबारा व्यवसाय करने की अनुमति दी जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ नेता व कबाड़ी संघ के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व सरपंच व आदिवासी नेता पालक ठाकुर, पूर्व सदर राजू भाई, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेश पाठक, जिला कबाड़ी संघ अध्यक्ष विशाल बक्शी, भैय्या लाल, परदेशी, रामदयाल दास बघेल, कन्हैया देवार, अशोक कुमार, रोहित कुमार समेत बड़ी संख्या में कबाड़ी व्यवसायी और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कबाड़ी व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से सकारात्मक कदम उठाने की उम्मीद जताई है, ताकि उनके सामने उत्पन्न आजीविका के संकट का जल्द समाधान हो सके।


