Skip to main content

Balod Times

बालोद में योग का महाकुंभ: स्व AWAKE में 1000 से ज्यादा लोगों ने किया सामूहिक अभ्यास

बालोद। गुरु ग्रेस योगा एंड वैलनेस टीम एवं जिला प्रशासन बालोद के सहयोग से आयोजित जुंबा और योग के अद्भुत संगम कार्यक्रम “स्व AWAKE” का प्रथम दिवस ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण रहा। उद्घाटन दिवस पर 1000 से अधिक बालोदवासियों ने एक साथ योगाभ्यास कर कार्यक्रम को नई ऊंचाई प्रदान की।

प्रातः 5:00 बजे से ही टीम गुरु ग्रेस योगा एंड वैलनेस के सदस्य महादेव भवन स्थित योग स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए थे। सुबह 6:00 बजे तक लगभग 800 से अधिक प्रतिभागी “प्रवेश-पास” के माध्यम से स्थल पर उपस्थित हो चुके थे, जो थोड़ी ही देर में 1000 से अधिक हो गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक श्री धीरज शर्मा ने ऊर्जावान जुंबा डांसिंग से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच पर टीम के नियमित योगाभ्यासी श्री दिनेश कुमार साहू, रंजीता उपाध्याय, चांदनी साहू एवं गंजीर सर ने शानदार डेमो प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, व्यवसायी वर्ग तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। डांसिंग बीट्स पर जुंबा के माध्यम से प्रतिभागियों ने जमकर पसीना बहाया और तत्पश्चात सूर्य नमस्कार, विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

योग स्थल पर योगी, योगिनी, बाल योगी, बाल योगिनी, अतिथि एवं पत्रकारों के लिए पृथक-पृथक श्रेणियां बैरिकेडिंग के माध्यम से निर्धारित की गई थीं। लगभग डेढ़ घंटे तक चले योग सत्र के पश्चात आयुष विभाग द्वारा सभी के लिए अंकुरित अनाज एवं स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न श्रेणियों में आयोजित लकी ड्रा रहा, जिसमें बेस्ट ड्रेसअप और बेस्ट परफॉर्मेंस (महिला एवं पुरुष वर्ग) के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

अपर कलेक्टर श्री कौशिक ने अपने उद्बोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालोद में इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए गुरु ग्रेस योगा एंड वैलनेस टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब नेशनल बैंक, एसआर लैब एवं बालोद टाइम्स की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम संचालक श्री धीरज शर्मा ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय “स्व AWAKE” का द्वितीय दिवस 19 फरवरी को महादेव भवन बालोद में आयोजित होगा, जिसमें “स्व विवेक से जागृत स्व AWAKE” के मूल मंत्र के साथ और अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!