बालोद टाइम्स
रबी धान खरीदी के बाद लाखों का भुगतान न करने का आरोप; 3 घंटे थाने में डटी रहीं विधायक, भाजपा नेता बताए जा रहे आरोपी पर शिकंजा
बालोद (छत्तीसगढ़)। धान बेचने के दो महीने बाद भी भुगतान न मिलने से दर-दर भटक रहे किसानों की सुध आखिरकार संजारी-बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने ली। विधायक के हस्तक्षेप और कड़े रुख के बाद थाना सनौद पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी बिचौलिए (कोचिया) के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी ने क्षेत्र के कई किसानों से लाखों रुपये का धान खरीद लिया, लेकिन महीनों बाद भी रकम चुकता नहीं की।

मई 2026 में बेचा था धान, भरोसे के नाम पर लाखों की चपत
पीड़ित किसानों के अनुसार, मई 2026 में उन्होंने अपनी रबी फसल का धान ग्राम नाहदा (थाना देवरी) निवासी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन (हाल मुकाम धमतरी) के पास बेचा था। आरोपी ने 4-5 दिनों के भीतर पूरा पैसा देने का आश्वासन दिया था। शुरुआत में किसानों का भरोसा जीतने के लिए उसने कुछ छोटी-मोटी रकम का भुगतान भी किया, लेकिन उसके बाद बड़ी राशि डकार कर बैठ गया।
किसानों के बकाया का आंकड़ा लाखों में है:
कन्हैया लाल साहू: ₹3.72 लाख
कृष्णा साहू: ₹2.63 लाख
प्यारे लाल साहू: ₹2.22 लाख
डिसेन राम साहू: ₹1.30 लाख
प्रभु राम साहू: ₹1.18 लाख
इसके अलावा कई अन्य किसानों की भी बड़ी रकम फंसी हुई है।
थाने में ढाई-तीन घंटे जमी रहीं विधायक, दर्ज कराई एफआईआर
लगातार दो महीनों तक पुलिस और प्रशासन के चक्कर काटने के बाद हताश किसानों ने अपनी आपबीती विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा को सुनाई। मामला संज्ञान में आते ही विधायक सीधे किसानों के साथ थाना सनौद पहुंचीं। वे करीब ढाई से तीन घंटे तक थाने में ही जमी रहीं और जब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं कर लिया, तब तक वहीं डटी रहीं।
विधायक ने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच करने, जब्त धान की पड़ताल करने और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।

आरोपी के भाजपा नेता होने की चर्चा, गाड़ी की तस्वीर वायरल
पूरे घटनाक्रम में एक नया मोड़ तब आया जब सामने आया कि आरोपी कोचिया दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन एक सत्ताधारी दल (भाजपा) का स्थानीय नेता है। सोशल मीडिया पर उसकी एक कार की तस्वीर भी तेजी से वायरल हो रही है, जिस पर पदनाम ‘महामंत्री’ लिखा हुआ नजर आ रहा है।

सरकार पर साधा निशाना: “किसानों के दम पर बनी सरकार में किसान ही लाचार”
विधायक संगीता सिन्हा ने राज्य की भाजपा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा, “जिस किसानों के बदौलत भाजपा सत्ता में आई है, आज उन्हीं किसानों को न्याय पाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। विधानसभा सत्र के दौरान भी पीड़ित किसान मुझसे मिले थे। कड़ी मेहनत की कमाई का भुगतान न होना बेहद गंभीर मामला है। किसानों के साथ कोई भी धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
किसानों की मांग: अवैध रूप से रखे धान को तुरंत किया जाए जब्त
किसानों ने पुलिस को दी अपनी लिखित शिकायत में यह भी बताया है कि आरोपी कोचिया ने बोहारा निवासी सनत पटेल के घर पर करीब 45 से 50 कट्टा धान अवैध रूप से रखवाया है। किसानों ने मांग की है कि पुलिस तत्काल उस स्थान पर छापेमारी कर धान की जब्ती बनाए, ताकि उनके नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।

फिलहाल, सनौद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


