Balod Times

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की हीरक जयंती पर 75 रुपये का चांदी का सिक्का जारी, बालोद के संग्राहक डॉ. प्रदीप जैन को मिला दुर्लभ स्मारक

बालोद
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारत सरकार द्वारा 75 रुपये मूल्य का चांदी का स्मारक सिक्का जारी किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर जारी किया गया यह सिक्का बालोद के वरिष्ठ सिक्का संग्राहक डॉ. प्रदीप जैन को प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

डॉ. प्रदीप जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एक स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक एवं धर्मनिरपेक्ष संगठन है, जो बच्चों और युवाओं में अच्छी नागरिकता, अनुशासन, सेवा-भाव और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करता है। यह संगठन युवाओं के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक विकास पर विशेष बल देता है, ताकि वे जिम्मेदार, जागरूक और सृजनशील नागरिक बन सकें।

भारत में स्काउटिंग की शुरुआत वर्ष 1909 में बेंगलुरु के कॉटन बॉयज़ स्कूल से हुई थी। स्वतंत्रता के पश्चात विभिन्न स्काउट संगठनों के विलय के बाद वर्ष 1950 में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का गठन किया गया। यह संस्था सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के अंतर्गत पंजीकृत है।

संस्था का राष्ट्रीय मुख्यालय भवन वर्ष 1963 में उद्घाटित हुआ था। वर्तमान में यह संगठन देशभर में लाखों बच्चों और युवाओं को सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़ रहा है। संस्था के 75 वर्ष पूर्ण होने को स्मरणीय बनाने हेतु भारत सरकार द्वारा हीरक जयंती के अवसर पर 75 रुपये का चांदी का स्मारक सिक्का जारी किया गया है।

यह सिक्का मुंबई टकसाल द्वारा जारी किया गया है, जो अब बालोद के संग्राहक डॉ. प्रदीप जैन के संग्रह का हिस्सा बन गया है। यह सिक्का न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि स्काउट-गाइड आंदोलन के योगदान और मूल्यों का प्रतीक भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!