बालोद टाइम्स
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक और छात्र समुदाय के समर्थन में आवाज उठाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद कांग्रेसजन जयस्तंभ चौक पर जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के सपनों और उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक ने करोड़ों छात्रों की मेहनत और उनके परिवारों की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि जब छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे, तब उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया। लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दमन के जरिए दबाया नहीं जा सकता।
नेताओं की गिरफ्तारी को बताया लोकतंत्र पर हमला
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना केंद्र सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है। लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार हर सवाल से घबराती नजर आ रही है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
संजारी-बालोद विधायक एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से देशभर के छात्रों का विश्वास प्रभावित हुआ है। इसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि नीट पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, छात्रों पर लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया, युवाओं की आवाज उठाने वाले नेताओं को हिरासत में क्यों लिया गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपनी नैतिक जिम्मेदारी कब स्वीकार करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ नीट परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री धीरज उपाध्याय, युवराज साहू, सतीश यादव, शंभू साहू, ब्लॉक अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, नरेंद्र सिन्हा, जीवन बंदे, राजकुमार प्रभाकर, नपा नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, सुमित शर्मा, सुनील मालेकर, रीता सोनी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, कमलेश श्रीवास्तव, वैभव साहू, दाऊद खान, कमल टुवानी, रविप्रकाश यादव, भूपेश नायक, रोहित सागर, सागर साहू, जिला युकां अध्यक्ष प्रशांत बोकडे, शहर अध्यक्ष साजन पटेल, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद्मिनी साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


