बालोद टाइम्स
बालोद। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सड़क किनारे खराब होकर खड़ी एक स्वराज माजदा वाहन को पीछे से तेज रफ्तार 16 पहिया ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद गेहूं से लदा ट्रक मौके पर ही पलट गया।

खराब वाहन बन गया काल
पुलिस जानकारी के अनुसार, स्वराज माजदा (CG 10 BU 7174) कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। मरकाटोला घाट के पास वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से 2 लोग मैकेनिक लेने धमतरी गए हुए थे।
सुबह करीब 11:30 बजे रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे 16 पहिया गेहूं से लदे ट्रक (CG 04 QY 5947) ने खड़ी माजदा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान 4 अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज जिला अस्पताल धमतरी में जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

3.5 घंटे चला रेस्क्यू अभियान, गेहूं की 600 बोरियां हटाई गईं
हादसे के बाद एक व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गया था। राहत और बचाव कार्य के लिए ‘वरदान परमार्थ सेवा समिति’ और पुलिस प्रशासन की टीम 3 एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। समिति के अध्यक्ष शिवा प्रधान ने बताया कि दबे हुए व्यक्ति को निकालने के लिए ट्रक में लदी गेहूं की 600 से अधिक बोरियों को एक-एक कर हटाया गया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
मृतकों की सूची:
कोमल साहू (20 वर्ष)
अनीश पात्रे (22 वर्ष)
दीपक कुम्हार (17 वर्ष)
राजा सावरा (27 वर्ष)
कृष्णा चौहान (18 वर्ष)
सुंदर लाल साहू (29 वर्ष)
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।


