Balod Times

मेहनत, साधना और त्याग से हर क्षेत्र में अग्रणी है साहू समाज : उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव

जिला साहू संघ बालोद के शपथ ग्रहण एवं भूमिपूजन समारोह में हुए शामिल, साहू सदन बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा

बालोद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि साहू समाज अपनी मेहनत, साधना और त्याग-तपस्या के कारण प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी, मेहनतकश एवं सम्मानित समाज है। साहू समाज के लोग अपने विशिष्ट उपलब्धियों एवं उच्च स्तरीय मानवीय मूल्यों के कारण समाज में निरंतर सम्मान अर्जित कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री साव आज जिला मुख्यालय बालोद के दल्लीरोड स्थित साहू सदन में आयोजित जिला साहू संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं श्रीमती रमशीला साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दीपक ताराचंद साहू, राज्य दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष श्री विपिन साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू, पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू, श्री वीरेन्द्र साहू, डॉ. दया राम साहू, श्री टहल सिंह साहू, श्री पवन साहू, जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष श्री महेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव एवं अतिथियों द्वारा साहू समाज द्वारा निर्मित किए जा रहे दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने सामाजिक संगठनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक संगठन से जोड़ने तथा समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति समान होता है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने जिला मुख्यालय बालोद स्थित जिला साहू सदन में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।

उन्होंने साहू समाज के सामाजिक भवनों के रचनात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इन भवनों में रोजगारमूलक गतिविधियाँ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग कक्षाएँ तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम संचालित किए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज के चिकित्सकों से सामाजिक भवनों में उपस्थित होकर जरूरतमंद एवं बीमार समाजजनों को सेवा देने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री श्री साव ने साहू समाज को राज्य का सबसे बड़ा समाज बताते हुए इसे सबसे उत्कृष्ट समाज बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा उन्हें निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं श्री ताम्रध्वज साहू, श्री दीपक ताराचंद साहू, श्री विपिन साहू सहित अन्य अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भक्तमाता कर्मा के आशीर्वाद एवं समाज के सहयोग से जिला साहू संघ बालोद समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री महेन्द्र साहू ने समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं समाज के सर्वांगीण विकास हेतु संघ की कार्ययोजना की जानकारी दी। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज प्रमुखों एवं स्वजातिजनों का सम्मान भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!